फतेहपुर जिले से बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आंगनबाड़ी कार्यकत्री से राशन के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में मुख्य सेविका शारदा वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
यह मुकदमा सीडीपीओ रवि शास्त्री की ओर से गाजीपुर थाने में दर्ज कराया गया है। इसके साथ ही मुख्य सेविका के निलंबन को लेकर विभागीय स्तर पर पत्राचार भी शुरू कर दिया गया है।
दरअसल, यह मामला उस समय उजागर हुआ था जब आंगनबाड़ी कार्यकत्री से हर महीने अवैध वसूली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में मुख्य सेविका शारदा वर्मा कथित तौर पर 1500 रुपये रिश्वत लेते हुए दिखाई दे रही थीं।
वीडियो सामने आने के बाद अन्य आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भी आरोप लगाए और जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत के आधार पर विभागीय जांच कराई गई, जिसके बाद अब कानूनी कार्रवाई की गई है।
इस पूरे मामले पर जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति त्रिपाठी ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस तरह के मामले सामने आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
