फतेहपुर रुपये के विवाद में हिस्ट्रीशीटर की हत्या, दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। सदर कोतवाली क्षेत्र के बकन्धा ईंट भट्ठे के पास मिले हिस्ट्रीशीटर रामप्रकाश गुप्ता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार रुपये के लेनदेन के विवाद में हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने पहले रामप्रकाश को शराब पिलाई और फिर तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
बताया गया कि 29 जुलाई की सुबह बकन्धा ईंट भट्ठे के पास रामप्रकाश का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के बाद मकान बिक्री से मिले पैसों में मृतक के हिस्से के करीब साढ़े सात लाख रुपये आरोपी अनिल के कब्जे में थे। अनिल ने मृतक के साथ संयुक्त बैंक खाता खुलवाकर उसके पैसों को अपने कब्जे में कर रखा था। रामप्रकाश लगातार अपने रुपये वापस मांग रहा था, जिससे परेशान होकर आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
घटना की रात आरोपी अनिल, उसका भांजा शिवा और शिवा का मित्र ईशू रामप्रकाश को बाइक से अपने साथ ले गए। रास्ते में उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में शिवा ने तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी कृष्ण कुमार की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

More From Author

अंगदान सा है नहीं ,कोई पुण्य महान,औरों को जीवन मिले,हो जग में यश गान

साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 20 लाख के मोबाइल स्वामियों को सौंपे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *