फतेहपुर(वी.टी)। 17 फरवरी को कांग्रेस के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर ज्वालागंज स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी एवं शहर अध्यक्ष मो.आरिफ गुड्डा पत्रकारों से रूबरू हुए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि 2005 में यूपीए सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को लागू कर संविधान में निहित काम के अधिकार को साकार किया था।ग्राम पंचायतो को गांव स्तर की परियोजनाओं पर निर्णय लेने का अधिकार देकर पंचायतीराज व्यवस्था को मजबूत किया गया था जो कोविड 19 महामारी जैसे संकट में सम्मान के साथ ग्रामीण मजदूरों के जीवन यापन में बहुत ही कारगर साबित हुई जिसे भाजपा सरकार खत्म करने का प्रयास कर रही है। एसआईआर के बावत कहा कि जिले की शाह अयाह विधानसभा में बीएलओ पर दबाव बना कर जबरन फार्म 7 भराए जा रहे हैं। जब की उक्त सभी मतदाता गांव में ही उपस्थित हैं। जिसमें ऐझी गांव में सत्तर फार्म 7 भरे गये जिसमें सभी लोग वर्तमान में गांव में ही हैं। इसी तरह ललौली में भी भारी संख्या में वोट काटे गये जिनका प्रमाण हमारे पास उपलब्ध है । शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि कांग्रेस गरीबों के हित की लड़ाई में वचनबद्ध है। मनरेगा बचाओ संग्राम ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने के लिए पार्टी आर पार की लड़ाई लड़ेगी चाहे जिस हद तक जाना पड़े। इसी क्रम में आगामी 17 तारीख को कार्यकर्ता एकजुट होकर विधान सभा घेराव कर सरकार को बाध्य कर देंगे कि मनरेगा पूर्ववत रखा जाए। पत्रकार वार्ता में मनरेगा कोऑर्डिनेटर आरिफ खान, देवी प्रकाश दुबे, कलीम उल्ला सिद्दीकी, प्रकाश पाण्डेय, माधुरी रावत, गुफरान पउली भी मौजूद रहे।
