बाढ़ से पहले प्रशासन अलर्टडीएम ने सभी विभागों को दिए पुख्ता तैयारियों के निर्देश

फतेहपुर,
जनपद में संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में बाढ़ प्रबंधन संबंधी बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने गंगा, यमुना एवं उनकी सहायक नदियों से प्रभावित होने वाले संभावित बाढ़ क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए विभागवार तैयारियों की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों की कार्ययोजना एवं रिपोर्ट अभी लंबित हैं, वे शीघ्र अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें और यह सुनिश्चित करें कि बाढ़ के दौरान किसी भी प्रकार की मानव एवं पशु हानि न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते चेतावनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निगरानी समितियों के साथ-साथ आपदा मित्रों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। साथ ही ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों तथा शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा नालियों एवं नालों की सफाई, निर्माणाधीन स्थलों पर खुले गड्ढों को सुरक्षित करने तथा आवश्यकतानुसार साइनेज लगाने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में उपजिलाधिकारियों को बाढ़ के दौरान उपयोग में आने वाली नावों का पंजीकरण, फिटनेस परीक्षण, येलो लाइन एवं भार क्षमता का प्रदर्शन तथा नाविकों के अनुबंध की प्रक्रिया समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक यात्री के लिए लाइफ जैकेट की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने कहा कि बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों में लगे वालंटियर, फ्रंटलाइन वर्कर्स, गोताखोरों और नाविकों का प्रशिक्षण जल्द से जल्द कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि संभावित बाढ़ प्रभावित परिवारों को संबंधित राहत शिविरों से पूर्व निर्धारित रूप से मैप किया जाए ताकि आपदा के समय राहत कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सभी विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियां समय रहते पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में उपजिलाधिकारी बिंदकी, खागा, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

जमीन हड़पने के लालच में गर्भवती विवाहिता की हत्या का आरोप

सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के खिलाफ केमिस्ट एसोसिएशन ने उठाई आवाज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *