फतेहपुर (वी.टी.)। शहर के शांति नगर जीटी रोड से बांके बिहारी मंदिर में हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा मार्ग जयकारों, भजन-कीर्तन और धार्मिक उल्लास से गूंज उठा।
कार्यक्रम का नेतृत्व मंदिर अध्यक्ष प्रदीप गर्ग और जनसेवक धर्मेंद्र सिंह चौहान ने किया। शोभायात्रा शांति नगर जीटी रोड से प्रारंभ होकर ज्वालागंज बस स्टॉप, चौक सराफा बाजार, वर्मा चौराहा होते हुए बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत कर पुष्पवर्षा की और प्रसाद वितरण किया।
चौक स्थित हनुमान मंदिर में सर्राफा एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पप्पन रस्तोगी के नेतृत्व में व्यापारियों ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। पूरे मार्ग में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा में भगवान बांके बिहारी, राधा-कृष्ण और राम-सीता की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। चित्रकूट से आए महंतों की मौजूदगी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच निकली यात्रा में श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए। सर्राफा एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष कुलदीप रस्तोगी उर्फ पप्पन ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत पूर्व जिलाधिकारी अनजने सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री मोनू रस्तोगी के नेतृत्व में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में पप्पन रस्तोगी, प्रदीप, कालका, गांधी सोनी, सतीश, सुशील सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
