फतेहपुर (वी.टी)। बहुआ विकासखंड की चक-इटौली ग्राम पंचायत में आवास, शौचालय और मनरेगा योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। करीब तीन साल पुराने इस प्रकरण की जांच करने 2 व 3 फरवरी को ग्राम्य विकास आयुक्त अमनदीप दुली स्वयं मौके पर पहुंचकर करेंगे जिससे संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।बताया जा रहा है कि चक-इटौली ग्राम पंचायत में आवास योजना के बदले धन वसूली, अधूरे शौचालयों का भुगतान, मनरेगा कार्यों में फर्जीवाड़ा और नियमों को ताक पर रखकर भुगतान किए जाने की शिकायत नवंबर 2022 में भाजपा नगर मंत्री एवं अधिवक्ता त्रितोष गुप्ता द्वारा की गई थी। शिकायत के बाद कई स्तरों पर जांच तो हुई लेकिन कथित तौर पर प्रभावशाली हस्तक्षेप के चलते कार्रवाई ठंडे बस्ते में पड़ी रही। मनरेगा लोकपाल की जांच में लगभग 82 लाख रुपये की अनियमितताओं का खुलासा हुआ था। जांच में एक ही कार्य को टुकड़ों में दर्शाकर बार-बार आईडी बदलने, दूसरे गांव के कार्य का भुगतान कराने और जिला स्तरीय टीम से जांच के बिना भुगतान किए जाने जैसे गंभीर आरोप सामने आए थे। लोकपाल ने आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की सिफारिश भी की थी। इसके बावजूद तत्कालीन खंड विकास अधिकारियों द्वारा जांच रिपोर्ट लंबित रहते हुए लाखों रुपये का भुगतान किए जाने के आरोप लगे हैं। जहां रिकवरी प्रस्तावित थी वहां भुगतान कर दिए जाने से प्रशासनिक भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में तीन तत्कालीन बीडीओ,सचिव,रोजगार सेवक,कंप्यूटर ऑपरेटर और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी कार्रवाई की जद में बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रशासक काल में किए गए भुगतान,डबल पैन कार्ड,अधूरे शौचालय,आवास के बदले धन वसूली और निजी खातों व फर्मों में भुगतान जैसी शिकायतें भी जांच के दायरे में हैं। शिकायतकर्ता द्वारा अनशन की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर पुनः जांच समिति गठित की गई थी। अब शासन स्तर पर शिकायत को गंभीर मानते हुए ग्राम्य विकास आयुक्त अमनदीप दुली स्वयं एक दिन रुक कर जांच करेंगे। माना जा रहा है कि यदि जांच निष्पक्ष रही तो सरकंडी ग्राम पंचायत की तर्ज पर यहां भी कई अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है। आयुक्त के आगमन की सूचना से संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की धड़कनें तेज हैं और चक-इटौली पंचायत में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
- Home
- State
- Uttar Pradesh
- चक-इटौली पंचायत भ्रष्टाचार, आयुक्त ग्राम्य विकास की जांच से बढ़ी हलचल, कई अफसरों पर कार्रवाई की आशंका!
चक-इटौली पंचायत भ्रष्टाचार, आयुक्त ग्राम्य विकास की जांच से बढ़ी हलचल, कई अफसरों पर कार्रवाई की आशंका!
You May Also Like
More From Author
पुलिस मुठभेड़ में बकरी चोर गिरोह का सरगना घायल, सात गिरफ्तार!
