जहानाबाद के नारायणपुर से तीन आरोपी गिरफ्तार, 31 शिकायतों में पांच लाख से अधिक की ठगी का खुलासा
फतेहपुर(वंदना टाईम्स)। फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को फोन कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जहानाबाद थाना क्षेत्र के नारायणपुर से गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित सिंह, संतोष और सनी उर्फ दीपक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद मुकदमा दर्ज होने, गिरफ्तारी और आजीवन कारावास का डर दिखाकर उनसे रुपये ऐंठते थे। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, जिसके बाद गिरोह के सदस्यों तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन कीपैड मोबाइल, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो आईफोन बरामद किए हैं। इसके अलावा साइबर ठगी में इस्तेमाल किया जाने वाला एक लैपटॉप भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों और जिलों में इस गिरोह के खिलाफ साइबर फ्रॉड से संबंधित 31 शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में पांच लाख रुपये से अधिक की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को भयभीत करने और उनसे रकम ऐंठने के तरीके के बारे में जानकारी दी है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इसके साइबर ठगी नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
