कलेक्ट्रेट परिसर में युवक ने डीजल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास


गाड़ी फाइनेंस कराने के लिए दिए थे डेढ़ लाख रुपये, आठ माह से 1.70 लाख रुपये फंसे होने का आरोप

फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसके हाथ से डीजल की बोतल छीनकर उसे आत्मदाह करने से रोक लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ ले गई और मामले की जानकारी ली। बताया जाता है कि धाता थाना क्षेत्र के भुरचुनी गांव निवासी बृजेश सोनकर ने सर्वेश नामक व्यक्ति को कार फाइनेंस कराने के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये दिए थे। बृजेश का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति के पास उसके करीब 1.70 लाख रुपये पिछले आठ माह से फंसे हुए हैं। रुपये वापस पाने के लिए उसने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं होने से वह परेशान था। इसी से क्षुब्ध होकर सोमवार को बृजेश कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा और अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। युवक की इस हरकत से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

More From Author

सपा जिलाध्यक्ष ने सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

फतेहपुर में 2027 की चुनावी हलचल तेज, पुराने चेहरों पर भरोसा या नए दावेदारों को मौका?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *