तेरहवीं संस्कार में पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, दिवंगत दंपती को दी श्रद्धांजलि

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पत्नी सविता और पुत्री स्वाति के साथ पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति, दिवंगत दंपती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर कोरसम स्थित संदीपनी पब्लिक स्कूल आदमपुर में शुक्रवार को पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय अमरजीत सिंह जनसेवक की पत्नी स्वर्गीय प्रमिला सिंह के तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शामिल हुए। पूर्व राष्ट्रपति अपनी पत्नी सविता कोविंद और पुत्री स्वाति के साथ कानपुर से कार द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम करीब 4:45 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सबसे पहले पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय अमरजीत सिंह जनसेवक और उनकी दिवंगत पत्नी प्रमिला सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पूर्व राष्ट्रपति के लिए बनाए गए अलग वीवीआईपी पंडाल में वह करीब 55 मिनट तक रुके और परिजनों के साथ समय बिताया।
बताया गया कि स्वर्गीय प्रमिला सिंह का छह सितंबर को निधन हो गया था। उनकी तेरहवीं संस्कार का कार्यक्रम शुक्रवार 18 सितंबर को संदीपनी पब्लिक स्कूल आदमपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
स्वर्गीय अमरजीत सिंह जनसेवक वर्ष 2002 में भारतीय जनता पार्टी से विधायक निर्वाचित हुए थे और वर्ष 2007 तक प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री के रूप में कार्यरत रहे। क्षेत्र में उन्हें जनसेवक के नाम से जाना जाता था। उनकी गाड़ी पर बजने वाला आल्हा भी उनकी पहचान का हिस्सा रहा। क्षेत्र के लोगों के बीच यह चर्चित था कि गाड़ी पर आल्हा की आवाज सुनाई देने पर लोग समझ जाते थे कि जनसेवक जी का काफिला आ रहा है।
स्वर्गीय अमरजीत सिंह के दो पुत्र आशीष सिंह और अमित प्रताप सिंह हैं। बड़े पुत्र आशीष सिंह भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं और रामचंद्र मिशन सेवा समिति से भी जुड़े हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान ऋषभ, विवेक सिंह, प्रभात सिंह, कृष्णा सिंह, अभिषेक सिंह, रमेश सिंह परिहार, अभिजीत सिंह, सूरज सिंह, कैलाश सिंह और कुबेर सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

More From Author

700 किलो तार के साथ तीन गिरफ्तार

न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये करने और पोषण ट्रैकर से जीपीएस हटाने की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *