हसवा फायरिंग कांड में पुलिस का बड़ा खुलासारिंकू लोहारी समेत पांच गिरफ्तार, दीपू पटेल और गजानन मिश्रा पर 25-25 हजार का इनाम

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा चौकी इलाके में नेशनल हाईवे किनारे साढ़े पांच बीघा पैतृक जमीन पर कब्जेदारी को लेकर बुधवार को हुए विवाद और कथित फायरिंग के मामले में पुलिस ने जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में रिंकू लोहारी समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, फरार चल रहे दीपू पटेल और गजानन मिश्रा पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में रिंकू लोहारी पक्ष के लोगों द्वारा फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है, जबकि वीरेंद्र सिंह पक्ष की ओर से फायरिंग किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
बुधवार को जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई थी। इसी दौरान फायरिंग जैसी आवाज सुनाई देने से मौके पर हड़कंप मच गया था। घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। एक वीडियो में हाईवे पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें अलग कराने का प्रयास दिखाई दे रहा था, जबकि दूसरे वीडियो में फायरिंग जैसी आवाज सुनाई दे रही थी। मारपीट में दो लोगों के सिर में चोट लगने की जानकारी भी सामने आई थी।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कराई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में एक पक्ष रिंकू लोहारी और दूसरा पक्ष वीरेंद्र सिंह का सामने आया। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि वीरेंद्र सिंह की भूमि का कुछ हिस्सा उनके एक पारिवारिक सदस्य द्वारा रिंकू लोहारी को बेचा गया था। इसी जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस ने वायरल वीडियो, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपितों की भूमिका की जांच की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में रिंकू लोहारी पक्ष के लोगों की ओर से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी, समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में वांछित चल रहे दीपू पटेल और गजानन मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसपी के मुताबिक, घटना में प्रयुक्त असलहों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के साथ ही वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी तथा असलहों की बरामदगी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

सेवा संकल्प अभियान में विकास चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

कश्यप-निषाद समाज इस बार पीडीए के साथ, राजपाल कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *