सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने दिए निर्देश

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा, सुशासन और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम


फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में बैठक हुई। जनपद प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, विभागवार दायित्वों, जनभागीदारी और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथियों पर होने वाले कार्यक्रमों का आयोजन उत्सव के रूप में कराया जाए। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद सेवा दिवस’ के रूप में जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिले में वृहद आयोजन होगा। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही सरकारी भवनों, सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, पंचायत भवनों, अन्नपूर्णा भवनों, सरोवरों और विभिन्न लाभार्थियों के घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
अभियान की अवधि में ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा कलश यात्रा’, ‘विकसित भारत संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन एवं संवाद’ समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने नोडल अधिकारियों को अपनी कार्ययोजना की नियमित समीक्षा कर सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों से विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, एमएलसी अविनाश सिंह चौहान, विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, विकास गुप्ता, जय कुमार सिंह जैकी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनु श्रीवास्तव, सीडीओ पवन कुमार मीना, एडीएम वित्त/राजस्व, एडीएम न्यायिक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

More From Author

प्रयागराज मंडल को 22-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में पहुंचीं फतेहपुर की बेटियां

डीएम-एसपी ने दिखाई हरी झंडी, स्वच्छता रैली से दिया जागरूकता का संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *