सोशल मीडिया पर पूर्व मंत्री को जान से मारने की धमकी, आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। सोशल मीडिया पर हुसैनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया को जान से मारने और गोली से उड़ाने की धमकी देने के मामले में हथगांव पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपी को हरियाणा के नारनौल जनपद से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। मामला सात सितंबर का है। हथगांव कस्बे के तेहीपारा निवासी गणेशी साहू ने थाना हथगांव में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि फेसबुक अकाउंट से धर्मवीर सिंह ने पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। आरोप है कि इसी अकाउंट से उन्हें जान से मारने तथा गोली से उड़ाने की धमकी भी दी गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सोशल मीडिया के जरिए धमकी, अभद्र टिप्पणी और लोगों के बीच वैमनस्य फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हथगांव पुलिस और सर्विलांस सेल ने आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को आरोपी धर्मवीर सिंह (35) पुत्र सूरजभान सिंह, निवासी ग्राम सिठौरा, थाना हथगांव को निजामपुर, जनपद नारनौल, हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके गांव में रास्ते और नाली को लेकर विवाद चल रहा है। उसका आरोप था कि ग्राम प्रधान द्वारा विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं और उसके परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। पुलिस के अनुसार, इसी आक्रोश में आरोपी ने फेसबुक अकाउंट धर्मवीर सिंह से पूर्व मंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करते हुए जान से मारने और गोली से उड़ाने की धमकी दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया। गिरफ्तारी में थाना हथगांव पुलिस के साथ सर्विलांस सेल की टीम की अहम भूमिका रही।

More From Author

भाजपा जिलाध्यक्ष की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने देखा ‘हनुमान अंश’ का शो

बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले ताइक्वांडो खिलाड़ी हुए सम्मानित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *