मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल

जाफरगंज के डिघरुवा में रुसिया रोड पर पुलिस से हुई मुठभेड़, पैर में लगी गोली; तमंचा-कारतूस बरामद


फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के तहत जाफरगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली। गुरुवार देर रात डिघरुवा गांव के पास रुसिया रोड पर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी व हिस्ट्रीशीटर बदमाश अमित कुमार उर्फ टेनी के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, 10/11 सितंबर की रात डिघरुवा गांव के रुसिया रोड पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बदमाश से सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, अमित कुमार उर्फ टेनी के खिलाफ फतेहपुर समेत अन्य जनपदों में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं और वह पुलिस के रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर है।
मुठभेड़ के बाद जाफरगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

More From Author

सीडीओ ने उद्यानिक फसलों को क्लस्टर में किए जाने की दी जानकारी  

यादव समाज की एकजुटता पर जोर, नाम के साथ ‘यादव’ लिखने की अपील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *