फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। हथगांव थाना क्षेत्र के सराय इदरीश गांव में दो दिनों से लापता युवक का शव तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं, सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
तालाब में मिला लापता युवक का शव हथगांव थाना क्षेत्र के सराय इदरीश गांव में दो दिनों से लापता युवक का शव बुधवार सुबह तालाब में मिला। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर तालाब में पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। आशंका जताई जा रही है कि मछली पकड़ते समय युवक तालाब में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग में हुई। यहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी।
