15 दिन की बारिश में फतेहपुर बेहाल, 67 मकान क्षतिग्रस्त, तीन की मौत

खागा तहसील में सबसे ज्यादा 50 मकानों को नुकसान, 11 परिवारों को मिला मुआवजा


फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। जिले में पिछले 15 दिनों से लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते जिले की तीनों तहसीलों में अब तक 67 मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। वहीं अतिवृष्टि के कारण तीन लोगों की जान भी जा चुकी है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राहत और नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सबसे ज्यादा नुकसान खागा तहसील क्षेत्र में हुआ है, जहां 50 मकान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा बिंदकी तहसील में 15 और सदर तहसील में दो मकानों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन के अनुसार अब तक 11 प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजे की राशि दी जा चुकी है, जबकि 30 मामलों की फाइलें प्रशासन को प्राप्त हो गई हैं। वहीं 26 मामलों में लाभार्थियों से संबंधित फाइलें अभी आना बाकी हैं।
अतिवृष्टि से तीन लोगों की मौत
लगातार बारिश के बीच जिले में अब तक तीन लोगों की जनहानि हुई है। इनमें सदर तहसील क्षेत्र में दो और बिंदकी तहसील क्षेत्र में एक जनहानि शामिल है। दो मामलों में नियमानुसार मुआवजा दिया जा चुका है। वहीं सदर तहसील क्षेत्र में हाल ही में हुई जनहानि के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर में कई इलाकों में जलभराव
लगातार बारिश के कारण फतेहपुर शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और नगर पालिका की टीमों द्वारा जगह-जगह पंप लगाकर पानी निकालने के साथ सफाई का कार्य कराया जा रहा है। बारिश का असर एसडीएम आवास परिसर तक पहुंच गया है, जहां जलभराव के बाद नगर पालिका परिषद की टीमें और वाहन पानी निकालने में जुटे हैं।
प्रशासन का कहना है कि बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य लगातार जारी हैं। क्षतिग्रस्त मकानों और जनहानि के मामलों में नियमानुसार राहत एवं मुआवजे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं शहर में जलभराव वाले स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा है।
विनय पाण्डेय, एडीएम फतेहपुर ने बताया कि अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन मामलों की औपचारिकताएं पूरी हो रही हैं, उनमें शीघ्र कार्रवाई की जा रही है।

More From Author

इंसाफ के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजन, बूढ़े पिता ने सीढ़ी में टेका माथा हत्यारोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *