असनी गोलीकांड में चौकी प्रभारी निलंबित, पुलिस की लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में शराब ठेके के सामने हुए गोलीकांड में युवक की मौत के बाद चौकी इंचार्ज की लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की गई है। घटना से पहले विवाद की सूचना मिलने के बावजूद समय से मौके पर न पहुंचने और प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप में असनी चौकी प्रभारी अनिश शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बताया जाता है कि 29 अगस्त की रात असनी गांव स्थित देशी शराब के ठेके के सामने दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई थी। गोली लगने से मनीष तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे।
मामले में सामने आया कि घटना से पहले ही चौकी प्रभारी को मोबाइल फोन के माध्यम से विवाद की सूचना दी गई थी। इसके बावजूद वह समय रहते मौके पर नहीं पहुंचे। खास बात यह रही कि घटनास्थल असनी पुलिस चौकी से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर था। समय रहते पुलिस के पहुंचने पर स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की जांच की गई। जांच में चौकी प्रभारी अनिश शुक्ला की लापरवाही और प्रभावी कार्रवाई न किए जाने की बात सामने आई।अधिकारियों ने साफ किया है कि सूचना के बावजूद समय रहते कार्रवाई न करना और ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोलीकांड के बाद पुलिस की भूमिका पर उठे सवालों के बीच की गई इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप के साथ चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
