पथ विक्रेताओं के लिए अस्थायी स्थान आवंटित करने की मांग

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश से संबद्ध पथ विक्रेता संगठन ने नगर क्षेत्र में सड़क किनारे छोटे कारोबार करने वाले पथ विक्रेताओं के लिए अस्थायी स्थान आवंटित किए जाने की मांग की है। संगठन ने इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को मांगपत्र सौंपा।
मांगपत्र में कहा गया कि आर्थिक रूप से कमजोर पथ विक्रेता आईटीआई रोड, पटेलनगर, पथरकटा, बिंदकी बस स्टैंड, सदर अस्पताल, पक्का तालाब, बस स्टैंड और वर्मा चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर छोटे कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि कई बार बिना पूर्व सूचना के उन्हें हटा दिया जाता है, जिससे उनका रोजगार प्रभावित होने के साथ परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। संगठन ने पथ विक्रेताओं के लिए विभिन्न स्थानों पर अस्थायी रूप से स्थान निर्धारित किए जाने की मांग की, ताकि वे व्यवस्थित तरीके से अपना रोजगार कर सकें। साथ ही आईटीआई रोड स्थित खाली पड़े यूसुफ क्लब परिसर को भी अस्थायी पथ विक्रेताओं के लिए आवंटित किए जाने का सुझाव दिया गया।
संगठन के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि पथ विक्रेताओं को रोजगार का सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान मिलने से वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का पालन-पोषण और बच्चों की शिक्षा जारी रख सकेंगे। विक्रेता संगठन के अध्यक्ष सर्वेश पाण्डेय सहित रचित शर्मा, गुड्डू, सनी, निजाम, आमिर, मोहम्मद निजाम, शेर अली, राकेश शर्मा, राज शमी, साहेबे आलम, दाऊद, सैफ आलम, सलमान, विनय गुप्ता, अजीत कुमार, अमन तिवारी, रमन तिवारी और अवनीश तिवारी विक्रेता मौजूद रहे ।

More From Author

किसान संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर

जमीन के लिए रिश्ते हुए तार-तार, विधवा ने जेठ पर लगाया बुजुर्ग ससुर की जमीन हड़पने का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *