श्रमिकों के विवाह पंजीकरण प्रक्रिया को और सुगम बनाने के निर्देश
-डीएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने निर्माण श्रमिकों के स्वयं तथा उनकी पुत्री के विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देशित किया कि विवाह पंजीकरण जारी करने की प्रक्रिया को और सुगम बना समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए जिससे पात्र लाभार्थियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी आपस में समन्वय बना कर काम करें।उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि लंबित विवाह पंजीकरण प्रकरणों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण किया जाए।विवाह प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली व उदासीनता न बरती जाए। सहायक श्रमायुक्त ने बैठक के दौरान बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्न निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित कन्या विवाह सहायता योजना में हितलाभ की प्राप्ति हेतु विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र एक अनिवार्य अभिलेख है।सभी अभिलेख समय से प्रस्तुत न करने पर आवेदन पत्र निरस्तीकरण की कार्यवाही कर ली जाती है जिसके कारण निर्माण श्रमिक उक्त योजना के लाभ से वंचित हो जाता है।ऐसी दशा में होने वाले विवाहों के पंजीकरण तथा विवाह प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना आवश्यक है।बैठक के दौरान संबंधित अधिकारी एवं उप निबंधक मौजूद रहे।
