फतेहपुर ( वंदना टाईम्स)। फतेहपुर पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 20 लाख रुपये कीमत के 121 स्मार्ट एवं एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
रविवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित निगरानी की जाती है। जैसे ही कोई गुम मोबाइल दोबारा सक्रिय होता है, पोर्टल के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई कर उसे बरामद करने में जुट जाती है।
एएसपी ने बताया कि जिले की साइबर सेल, सीसीटीएनएस टीम और थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से विभिन्न जनपदों एवं दूरस्थ क्षेत्रों से कुल 121 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनका खोया मोबाइल वापस दिलाया जा सके।
