पुलिस विभाग में एक ओर प्रशिक्षित ट्रैकर डॉग ‘सूर्या’ को डॉग स्क्वायड में शामिल किया

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जनपद पुलिस को अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी तकनीकी मजबूती मिली है। पुलिस विभाग में एक ओर प्रशिक्षित ट्रैकर डॉग ‘सूर्या’ को डॉग स्क्वायड में शामिल किया गया है, वहीं दूसरी ओर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इंटरसेप्टर वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर में दोनों संसाधनों का निरीक्षण कर इनके प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।
प्रशिक्षित ट्रैकर डॉग ‘सूर्या’ हत्या, चोरी, डकैती समेत अन्य जघन्य अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, संदिग्धों के सुराग तलाशने और पुलिस की विवेचना को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने में उसकी सेवाएं ली जाएंगी।
वहीं सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस को मिला अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन स्पीड लेजर गन, ब्रेथ एनालाइजर, डेसीबल मीटर तथा ई-चालान प्रणाली जैसी आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है। इसके माध्यम से ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग के अनुसार इंटरसेप्टर वाहन की तैनाती ब्लैक स्पॉट, राष्ट्रीय राजमार्गों तथा संवेदनशील मार्गों पर की जाएगी, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ट्रैकर डॉग और इंटरसेप्टर वाहन के शामिल होने से अपराधों के खुलासे की क्षमता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ होगी।

More From Author

छात्र आंदोलन का असर सर्वोदय इंटर कॉलेज में सुधरने लगीं व्यवस्थाएं, आरओ प्लांट स्थापना शुरू

प्रदर्शन मामले में बाहरियों की भूमिका की जांच तेज, सोशल मीडिया पर छात्रों ने मांगा समर्थन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *