छात्रों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन सख्त, दूसरे दिन भी स्कूल पहुंचे एसडीएम-डीआईओएस

पटरी पर लौटी पढ़ाई,दूसरे दिन भी विद्यालय दौड़े अफसर

-कराए जा रहे कामों,व्यवस्थाओं का एसडीएम,डीआईओएस ने लिया जायजा

फतेहपुर(वंदना टाईम्स) किशनपुर
सर्वोदय इंटर कालेज में मंगलवार को छात्रों द्वारा मांगों को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद प्रशासन मुस्तैद रहा।उप जिलाधिकारी अश्वनी पांडे,जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार दूसरे दिन भी विद्यालय पहुंचे और वहां बच्चों की मांगों के पूरा करने के आश्वासन के क्रम में की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा तथा संबंधितों को दिशा निर्देश दिये।बच्चों के द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं होती रहीं। बावजूद इसके पठन-पाठन का माहौल पटरी पर उतर आया।रोज की भांति कक्षाएं लगी,बच्चे क्लास रूम गए और पढ़ाई की।
मंगलवार को सर्वोदय इंटर कालेज के छात्रों ने विद्यालय पर अव्यवस्थाओं व अधिक शुल्क वसूली का आरोप लगा प्रदर्शन किया था।बच्चों का आरोप था कि विद्यालय में पीने के लिए दूषित पानी मिलता है।स्कूल में लगे पंखे खराब हो गए हैं।मार्कशीट व टीसी के नाम पर अतिरिक्त वसूली की जा रही है।इसी प्रकार के तमाम आरोपों के बाद आक्रोशित बच्चों ने विद्यालय गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।बच्चों के हंगामे की सूचना पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने मौके पर पहुंच छात्रों की समस्या को समाधान करने का आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराया था।छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी जो भी मांगे हैं उन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। मौके पर ही अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दे दिए।
प्रदर्शन के दूसरे दिन बुधवार को भी अफसर दौड़ते रहे।एसडीएम खागा अश्वनी पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार,क्षेत्राधिकारी रवी सिंह,एआरपी प्रदीप शुक्ल मौके पर पहुंचे।जांच पर पहुंचे अफसरों ने प्रदर्शन में शामिल बच्चों से पूछ-ताछ की।छात्रों की मांग के बाद कक्षाओं में लग रहे छत पंखों का भी निरीक्षण किया।बच्चों को मिलने वाले भोजन का भी निरीक्षण किया गया।निरीक्षण पर पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक ने अभिलेख व दस्तावेजों में आ रहे अतिरिक्त शुल्क लिए जाने के आरोप पर नाराजगी जताई।जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि मंगलवार को छात्रों की मांगों को लेकर जो निर्देश दिए गए थे उन्हीं को देखा गया है।

बच्चों से वायदों को लेकर डीएम सजग,प्रदर्शन के हर एंगल से हो रही जांच

(वंदना टाईम्स)सर्वोदय इंटर कॉलेज किशनपुर में अपनी मांगों को लेकर छात्रों द्वारा विगत दिवस किए गए प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना रहा।जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम व जिला विद्यालय निरीक्षक मय पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान बच्चों द्वारा शौचालय, वाटर कूलर,पंखा आदि की मांग की गई थी उनमें कल से ही काम शुरू कर दिया गया है।विज्ञान की कक्षाओं को लेकर प्रबंधन तंत्र से मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।जैसे ही औपचारिकताएं पूरी हो जाएगीं शासन को मान्यता के लिए पत्र लिख दिया जाएगा।अधिक शुल्क की वसूली की भी जांच के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को कह दिया गया है।उन्होंने कहा कि विद्यालय में पठन-पाठन सुचारू से शुरू हो गया है और शांति व्यवस्था कायम है।दिल्ली प्रोटेस्ट में कुछ बच्चों के जाने की खबर को लेकर भी जिलाधिकारी ने कहा कि उसकी जांच कराई जा रही है और प्रबंधक को निर्देशित किया गया है कि छोटी-छोटी चीजों का ध्यान रखें,भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो।

कोई तो था जो बच्चों को कर रहा था गाइड,हो रही जांच

(वंदना टाईम्स)
मंगलवार को विद्यालय में हुए बड़े हंगामे के बाद पुलिस मामले की कई तरह से जांच कर रही है।चर्चा है कि हंगामे के दौरान बच्चों को थोड़ी-थोड़ी देर में पोस्टर बैनर उपलब्ध कराए जा रहे थे।जैसे जैसे छात्रों का हंगामा बढ़ रहा था वैसे ही बच्चों के हाथों में दिख रही तख्तियां बदल रही थीं।इसमें किसी राजनीतिक व्यक्ति के हांथ होने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

More From Author

मनमानी शुल्क व सुविधाओं की अनदेखी पर फूटा छात्रों का गुस्सा, सर्वोदय इंटर कॉलेज में 5 घंटे तक प्रदर्शन

धरना खत्म, लेकिन सवाल बाकी—क्या बुनियादी सुविधाओं के लिए भी करना होगा प्रदर्शन?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *