फतेहपुर(वी.टी)। देवीगंज प्रीमियर लीग सीजन-5 का फाइनल मुकाबला आंबापुर इलेवन और उज्ज्वल इलेवन के बीच रोमांचक माहौल में खेला गया। मुकाबले में उज्ज्वल इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आंबापुर इलेवन ने निर्धारित ओवरों में 131 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से पुष्पराज ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि गोलू ने 28 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उज्ज्वल इलेवन की टीम निर्धारित ओवरों में 111 रन ही बना सकी। टीम की ओर से हरिओम गुप्ता ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
आंबापुर इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 रन से मुकाबला जीतकर देवीगंज प्रीमियर लीग सीजन-5 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेने वाले आशु पटेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशु पटेल को मैन ऑफ द सीरीज तथा बेस्ट बैट्समैन के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बेस्ट बॉलर का पुरस्कार उदित को तथा बेस्ट फील्डर का पुरस्कार हरिओम गुप्ता को मिला।
जीत के बाद विजेता टीम के कप्तान निर्भय सिंह ने सफलता का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयास और खिलाड़ियों की मेहनत को दिया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं सभासद सुनील कुमार मौजूद रहे। इस अवसर पर विजेता टीम के प्रायोजक नृपेंद्र सिंह, विश्वास रस्तोगी, सुमित सेंगर, मोहित मिश्रा, सत्यम दुबे सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा।
