नेशनल हाईवे किनारे संचालित ढाबों और रेस्टोरेंटों के बाहर खड़े वाहनों से बढ़ रहा हादसों का खतरा
फतेहपुर(वी.टी)। नेशनल हाईवे किनारे खुले रेस्टोरेंटों और ढाबों के बाहर बेतरतीब खड़े भारी वाहन लगातार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे मालवा थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में परिवहन विभाग की बस पीछे से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे संचालित कई रेस्टोरेंट और ढाबों के बाहर ट्रक एवं अन्य भारी वाहन खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सख्ती से कार्रवाई करने और हाईवे पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है । मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
