फतेहपुर। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक नीलकंठ पैलेस, पटेल नगर में चेयरमैन किशन मेहरोत्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन महासचिव राजेश सोनी ने किया।
बैठक में सोशल मीडिया पर एक ब्लॉक संचालक द्वारा जिले के प्रतिष्ठित व्यापारिक प्रतिष्ठान गुप्ता एंड कम्पनी के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसे व्यापारियों के सम्मान पर हमला बताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
एसोसिएशन की ओर से इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन किशन मेहरोत्रा ने कहा कि जनपद के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट व्यापारियों के मान-सम्मान की रक्षा करना एसोसिएशन की जिम्मेदारी है और किसी भी व्यापारी का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसोसिएशन अध्यक्ष सुमित रस्तोगी ने कहा कि अवैधानिक एवं मानहानिकारक टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं महासचिव राजेश सोनी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य राष्ट्रहित, समाजहित, जनहित एवं व्यापारहित है, जिसका सभी सदस्य निष्ठापूर्वक पालन करेंगे।
बैठक में उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, संगठन मंत्री पद्मेश यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
