सवाल तो पूछेंगे❓
फतेहपुर।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुआ कस्बे के पास संचालित एक OYO होटल में कथित रूप से देह व्यापार का खुलासा होने के बाद पुलिस कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस जहां इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में पेश कर रही है, वहीं स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय चर्चाओं में कई सवाल भी उठने लगे हैं।
लोगों का कहना है कि आखिरकार जिस होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की चर्चा होती रही, उसकी जानकारी स्थानीय पुलिस और जिम्मेदार अधिकारियों को पहले से थी या नहीं। यदि जानकारी थी तो कार्रवाई में इतनी देर क्यों हुई, और यदि जानकारी नहीं थी तो यह पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।
बताया जाता है कि फतेहपुर मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित खजुआ कस्बे के पास व उसके आसपास कोई प्रमुख पर्यटन स्थल नहीं है, जहां बाहर से आने वाले लोग रात्रि विश्राम के लिए ठहरते हों। वहीं क्षेत्र में ऐसा कोई बड़ा कार्यालय या व्यावसायिक केंद्र भी नहीं है, जिसकी वजह से होटल में लगातार आवाजाही बनी रहे।
सूत्रों की मानें तो होटल में होने वाली गतिविधियों की जानकारी स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच चर्चा का विषय रही है। ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार लोग आखिर कब तक इससे अनजान बने रहे।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई किए जाने के बाद जांच जारी है। वहीं क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निगरानी और कार्रवाई होती, तो ऐसी गतिविधियों पर पहले ही रोक लगाई जा सकती थी।
✍️नागेंद्र सिंह अध्यक्ष फतेहपुर प्रेस क्लब
