तेज आंधी-तूफान का कहर फतेहपुर में नौ की मौत, कई घायल

फतेहपुर(वीटी)। जिले में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में कुल नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमा राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया है।

जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक असर खागा तहसील में देखने को मिला, जहां आठ लोगों की जान चली गई। वहीं सदर तहसील क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

हथगांव थाना क्षेत्र में आंधी के दौरान हुए हादसे में एक किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। उधर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव में कच्ची दीवार गिरने से पांच लोग मलबे में दब गए, जिनमें एक मासूम की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

इसी तरह सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मंडवा गांव में दीवार गिरने से एक बुजुर्ग की दबकर मौत हो गई। तेज हवाओं और बारिश के चलते कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कराया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जिलाधिकारी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और पीड़ितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए।

More From Author

डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

आंधी-तूफान के घायलों का हाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे एडीएम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *