अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई, 10 करोड़ 28 लाख का रिकॉर्ड राजस्व वसूला
दो साल में 48% बढ़ी वसूली, 2032 मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई
फतेहपुर(वी.टी)। जनपद में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई का असर साफ दिख रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग ने रिकॉर्ड 10,28,69,853 रुपये का राजस्व वसूल किया, जो पिछले साल की तुलना में करीब 9.99% अधिक है। जिला सूचना कार्यालय से जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 2032 मामलों में कार्रवाई की गई। इनमें अवैध परिवहन के 2024 मामलों में सबसे ज्यादा 9.44 करोड़ रुपये का अर्थदंड वसूला गया, जबकि अवैध खनन के 6 मामलों से 21.86 लाख और अवैध भंडारण के 2 मामलों से 62.46 लाख रुपये की वसूली हुई। पिछले वर्षों की तुलना में भी विभाग का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 9.35 करोड़ रुपये और 2023-24 में 6.94 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस तरह दो वर्षों में कुल 4.27 करोड़ रुपये (48.07%) की अतिरिक्त वृद्धि दर्ज की गई है। खनिज अधिकारी देशराज सिंह के मुताबिक, तहसील और जनपद स्तर पर गठित टास्क फोर्स लगातार खनन पट्टों की जांच कर रही है और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यही वजह है कि जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के साथ राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

