घटिया निर्माण कार्य से क्षेत्रीय सभासद खफा,
जिलाधिकारी से मिलकर करेंगे शिकायत,
अवर अभियंता निर्माण विभाग की भूमिका संदिग्ध,
फतेहपुर(वीटी)। अंधेर नगरी चौपट राजा वाली पहचान बना चुकी नगर पालिका में अंधेरगर्दी की इंतहा है। विकास के नाम पर जिस तरह से आमजन को ठगने के साथ सरकारी धन का दुरुपयोग कर अपनी तिजोरी भरने का सिलसिला जारी है उससे नगर पालिका के जिम्मेदारों के किरदार सवालों के घेरे में हैं। पत्थरकटा चौराहे से अस्पताल रोड पर खलील नगर के समीप मानकविहीन घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल कर जिस तरह से पुलिया निर्माण हो रहा है वह किसी से छिपा नहीं है। सरकारी धन का दुरुपयोग करना कोई नगर पालिका परिषद से सीखे। ठेकेदारों और जिम्मेदारों की सांठगांठ से आमजन छला जा रहा है। इसी मार्ग से प्रतिदिन अधिशासी अधिकारी और अभियंता निर्माण विभाग और अध्यक्ष का आवागमन होता है परंतु उन्हें यहां जिस तरह से घटिया निर्माण कार्य चल रहा है वह दिखायी नहीं पड़ रहा। क्षेत्रीय सभासद दीपक कुमार मौर्य आवास विकास वार्ड से घटिया निर्माण कार्य को लेकर वह भी काफी खफा हैं। सभासद ने अध्यक्ष सहित अधिशासी अधिकारी एवं अवर अभियंता निर्माण विभाग से शिकायत किया परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। सभासद का कहना है कि पुलिया मुगलकालीन निर्मित है जो पूरी तरह से चोक हो चुकी है। हजारों घरों का पानी यहां से निकलता है परंतु सैकड़ो वर्ष पुरानी पुलिया हो जाने और गंदगी से चोक हो जाने के कारण प्रतिवर्ष बारिश के दौरान जल भराव की स्थिति पैदा हो जाती है। पुलिया पूरी तरह कचरे से जाम है। नई पुलिया निर्माण के बाबत पत्र अध्यक्ष को दिया था परंतु पुलिया का सिर्फ चौड़ीकरण किया जा रहा है जिसमें ठेकेदार द्वारा घटिया मानकविहीन निर्माण सामग्री लगाई जा रही है जो आगे चलकर दुर्घटना का कारक बन सकती है। थर्ड ग्रेड की पीली ईंट, महीन मौरंग उपयोग में ठेकेदार ने लिया है और सही ग्रेड की सीमेंट का इस्तेमाल नहीं किया गया है। सभासद ने बताया कि अवर अभियंता अभिषेक पांडेय अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं।जो निर्माण कार्य चल रहा है उसकी गुणवत्ता भी देखना मुनासिब नहीं समझा है। इस्टीमेट के बारे में भी नहीं बता रहे हैं। सभासद दीपक मौर्य का कहना है कि वह जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर घटिया निर्माण के बारे में बताएंगे। जनहित के पैसे का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया है।
