बीएलओ की आत्महत्या के बाद सियासत तेज, विभिन्न दलों व संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे पीड़ित परिवार के घर

हाउस अरेस्ट हुए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मोबाइल द्वारा परिजनों से की बातचीत

-किसान यूनियन टिकैत गुट के लोगों ने कहा न्याय नहीं मिला तो आएंगे राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत

-समाजवादी पार्टी ने न्याय दिलाने की बात कही

फतेहपुर(वी.टी)। बिंदकी  2 दिन पहले प्राथमिक विद्यालय के अंदर आत्महत्या करने वाले शिक्षामित्र की घटना को लेकर लगातार विभिन्न राजनीतिक दल तथा संगठन के लोग मृतक के घर पहुंच रहे हैं। हाउस अरेस्ट कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मोबाइल द्वारा पीड़ित परिजनों से बातचीत किया। वह पीड़ित परिवार से मिलने आ रहे थे लेकिन लखनऊ में ही उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया। । किसान यूनियन टिकैत गुट के लोगों ने चेतावनी दिया कि यदि न्याय नहीं मिला तो यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता आएंगे। आलियाबाद गांव में बीएलओ अखिलेश सविता ने शनिवार की शाम को गांव के ही प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था। मृतक अखिलेश सविता गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र थे और मतदाता पुनरीक्षण कार्य हेतु बूथ लेवल ऑफिसर थे। आत्महत्या करने के पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा था जिसमें बताया था कि उनकी पुत्री की शादी 8 मार्च को है। मतदाता पुनरीक्षण कार्य को लेकर अधिकारियों द्वारा दबाव बनाया जा रहा है जिसके चलते हुए अपनी पुत्री की शादी के लिए तैयारी नहीं कर पा रहे हैं इसलिए वह सुसाइड कर रहे हैं। इस मामले में एक दिन पहले रविवार को मृतक के परिजन को 7,50,000 की सहानभूति राशि प्रदान की गई थी इसके अलावा अन्य लाभ भी देने की बात कही गई। सोमवार की सुबह लगभग 10:30 बजे समाजवादी पार्टी के सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव धर्मपाल पटेल अपने पार्टी कार्यकर्ताओं पदाधिकारी तथा समर्थकों के साथ अलियाबाद गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक बीएलओ अखिलेश सविता के परिजनों से मुलाकात किया और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया कहां हम सभी लोग उनके इस दुख की घड़ी में साथ है। 8 मार्च को होने वाली मृतक की पुत्री की शादी में सहयोग करने की भी बात कही। सोमवार को दिन में करीब 1:00 बजे भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम, जिला अध्यक्ष नवल सिंह पटेल, बिंदकी तहसील अध्यक्ष कप्तान सिंह, तहसील महासचिव अनूप सैनी, मलवा ब्लॉक अध्यक्ष मोईद अहमद तथा यूनियन के नेता छोटेलाल एवं दिनेश पहुंचे। किसान यूनियन के नेता और पदाधिकारी मृतक बीएलओ अखिलेश सविता के छोटे भाई भूपेश तथा परिवार के अन्य साथियों से मिले और घटना के बारे में जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि बीएलओ की पुत्री की 8 मार्च को शादी है। लेकिन एस आई आर के दबाव के कारण अखिलेश शादी का काम नहीं कर पा रहे थे जिससे परेशान होकर उन्होंने विद्यालय के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। इस मामले में किसान यूनियन टिकैत गुट के लोगों ने दुखी परिजनों को दिलासा दिया कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा यूनियन उनके साथ है। इस मौके पर यूनियन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह ने कहा कि एस आई आर के काम के बोझ के कारण तमाम लोग आत्महत्या का शिकार हुए हैं कहा कि बड़े अधिकारी छोटे कर्मचारियों की गर्दन पकडते हैं उनको ही परेशान किया जाता है। मृतक की पुत्री की शादी थी अधिकारियों को संवेदना दिखाते हुए शादी के लिए छुट्टी देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने जो वादा किया है यदि वादा पूरा नहीं किया गया तो 8 अप्रैल को यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पीड़ित परिवार से मिलने आएंगे। लगभग 2:30 बजे कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी के साथ भारी संख्या में कांग्रेसी पहुंचे और मृतक बीएलओ अखिलेश के परिजनों से बात की और कहा कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेसी उनके साथ है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का आने का प्रोग्राम हुआ था लेकिन उनको रविवार को ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया था। इस मौके पर कांग्रेस के लोगों ने आत्महत्या करने वाले बीएलओ के पत्नी तथा भाई से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मोबाइल से मृतक के परिजनों से बात की और कहा कि वह आलियाबाद आना चाहते थे लेकिन उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है। जब भी मौका लगेगा वह आएंगे जरूर। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने का काम करेंगी। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के फतेहपुर जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी, कांग्रेस पार्टी के प्रयागराज जिला अध्यक्ष अशफाक अहमद, कानपुर जिला अध्यक्ष संदीप शुक्ला, पवन गुप्ता, आरिफ गुड्डा,  हेमलता पटेल, कांग्रेस नेता हरिकेश त्रिपाठी फुजैल हाशमी किशोर वार्ष्णेय गौरव पांडे विनय पाल ओमप्रकाश कोरी सुदेश पांडे रिषिद पांडे प्रशांत शुक्ला कलीम उल्ला अंकुर अवस्थी पंडित रामनरेश महाराज बाबर खान राजीव लोचन निषाद अमर सिंह गौतम तथा अशोक तिवारी सहित तमाम कांग्रेस पार्टी के नेता पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। दोपहर लगभग 2 बजे प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद फतेहपुर के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जिला मंत्री विजय त्रिपाठी, जिले के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार वर्मा तथा प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी योगेंद्र कुमार दिनेश सिंह चमन सिंह आदि लोग पहुंचे। प्राथमिक शिक्षक संघ के लोगों ने 2 दिन पहले प्राथमिक विद्यालय के अंदर आत्महत्या करने वाले बीएलओ अखिलेश के परिजनों से मुलाकात किया। घटना पर दुख जताया। मृतक बीएलओ के पुत्री की शादी में आर्थिक सहयोग करने की बात कही। इस मामले में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिले के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक संघ के सभी लोगों ने सहयोग करने का काम चालू कर दिया है कहा कि प्राथमिक शिक्षक संघ तथा प्राथमिक शिक्षक आपसी सहयोग से धन एकत्र करेंगे और एकत्र किए हुए सहयोग राशि को मृतक बीएलओ की पुत्री की 8 मार्च को होने वाली शादी के लिए देने का काम करेंगे एकत्रित की गई सहयोग राशि 7 मार्च की शाम को या 8 मार्च की सुबह परिजनों को दे दी जाएगी।

More From Author

पुलिसकर्मियों की दबंगई, बीच सड़क युवकों की पिटाई

राष्ट्रकवि पं. सोहनलाल द्विवेदी की जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *