मामूली विवाद में दोस्त ने ली दोस्त की जान

फतेहपुर(वी.टी)। खागा कोतवाली क्षेत्र में दो नाबालिग दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद एक परिवार के लिए जिंदगी भर का घाव बन गया। रविवार सुबह गांव के बाहर तालाब किनारे 14 वर्षीय किशोर की उसके ही दोस्त ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित किशोर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  रसूलपुर सानी सेमरा के पास स्थित गांव निवासी 14 वर्षीय अंशु पुत्र रामप्रसाद राजपूत का अपने पड़ोसी नाबालिग से गहरा दोस्ताना था। शनिवार शाम दोनों अपने एक रिश्तेदार के साथ होली में लकड़ी डालने गए थे। इसी दौरान होली बढ़ाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। परिजनों के अनुसार रविवार सुबह आरोपित ने फोन कर अंशु को गांव के बाहर स्थित तालाब किनारे बुलाया। वहां दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपित ने किशोर का गला दबा दिया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित शव को तालाब किनारे कीचड़ में छोड़कर फरार हो गया। सुबह ग्रामीणों ने तालाब के पास शव पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर मां बदहवास हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। कोतवाली प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

More From Author

हनुमान मंदिर में 426वीं साप्ताहिक सरस काव्य गोष्ठी

बंदियों के साथ मनाई होली, समिति ने बांटे अबीर-गुलाल व गुझिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *