तामेश्वर में पूजा-अर्चना व मिठाई बांटकर जताया आभार
फतेहपुर(वी.टी)। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विधानसभा में शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा किए जाने के बाद जनपद में शिक्षामित्रों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। 1 अप्रैल 2026 से शिक्षामित्रों को ₹18,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर शिक्षामित्रों ने तामेश्वर मंदिर में शिक्षामित्रों ने पूजा-अर्चना कर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षामित्रों का कहना है कि करीब नौ वर्ष बाद उनके जीवन में खुशहाली लौटी है। जिलाध्यक्ष सुशील तिवारी ने कहा कि इस घोषणा से लंबे समय से हताश एवं निराश शिक्षामित्रों के जीवन में नई आशा उत्साह और सम्मान की भावना का संचार हुआ है। और जिले में शीघ्र ही एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर जनप्रतिनिधियों एवं एमएलसी का सम्मान किया जाएगा तथा शेष लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए संगठन अपनी पैरवी जारी रखेगा। जिला संयुक्त मंत्री ओम पटेल ने कहा कि यह निर्णय शिक्षामित्रों के समर्पण, परिश्रम और शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान का सम्मान है। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील मिश्रा ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री सहित शिक्षामित्रों के पक्ष में आवाज उठाने वाले सांसदों, विधायकों, एमएलसी, जनप्रतिनिधियों तथा प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुनील मिश्रा, शैलेंद्र वर्मा, आशुतोष द्विवेदी, अखिलेश गुप्ता, सुमित द्विवेदी, अजय सिंह, मीनू सिंह, मनोज गुप्ता, शशिकांती, सियावती, माया देवी, श्रद्धा, दुखराज, मूलचंद्र, राजेश सिंह, अतर सिंह, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
