घनी बस्ती से ओवरलोड ट्रक गुजरने का किया था विरोध मारपीट का वीडियो वायरल पुलिस जांच में जुटी
फतेहपुर(वी.टी)। जिले में मौरंग से लदे ओवरलोड ट्रकों के संचालन को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। असोथर थाना क्षेत्र के कस्बे में घनी आबादी से तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रकों के निकलने का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि ट्रक चालक ने युवक के साथ मारपीट कर दी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बांदा जनपद की मर्का खदान से मौरंग लादकर आने वाले ट्रक अक्सर ओवरलोड होकर कस्बे की संकरी सड़कों से गुजरते हैं। इससे सड़कों की हालत खराब हो रही है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रकों के कारण बच्चों और राहगीरों की जान जोखिम में रहती है। बताया जा रहा है कि युवक ने जब ट्रक को धीमी गति से चलाने की बात कही तो चालक भड़क गया और उसके साथ हाथापाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। असोथर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड ट्रकों पर सख्ती से रोक लगाई जाए और घनी बस्तियों से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया जाए।
