मार्ग निर्माण में मानकों की अनदेखी, विधायक ने रुकवाया कार्य

फतेहपुर(वी.टी)। जिले के धाता विकास खंड में ऐमापुर से रतनपुर को जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण में मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर क्षेत्र भ्रमण के दौरान पहुंचीं खागा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने मौके पर फावड़ा से सड़क खोद कर रोड निर्माण की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण स्थल पर सड़क पर जमी धूल को हटाए बिना ही गिट्टी पर तारकोल डाला जा रहा था। साथ ही रोलर भी ठीक प्रकार से नहीं चलाया गया जिससे सड़क की परत कमजोर नजर आई। इस पर विधायक ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया और संबंधित अधिकारियों को मानक के अनुरूप दोबारा कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विधायक कृष्णा पासवान ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 2200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण करीब 37 लाख 99 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण में बिना धूल हटाए डामरीकरण किया जा रहा था जिसे तत्काल रुकवाते हुए मानक के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में होने वाले सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ ही पूरे कराए।

More From Author

जाफरगंज सी ओ ने पीस कमेटी की बैठक में शासन की मंशा से अवगत कराया

योगी आदित्यनाथ की घोषणा से शिक्षामित्रों में खुशी की लहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *