जनपद फतेहपुर में जीएसटी-2.0 को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित हुई, जिसमें राज्य कर विभाग के अधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच सीधा संवाद हुआ।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। अधिकारियों ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने, तकनीकी दिक्कतों और समाधान योजना से जुड़ी सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
राज्य कर विभाग कार्यालय फतेहपुर की ओर से आयोजित इस व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी-2.0 के प्रावधानों, नई प्रक्रियाओं और ऑनलाइन सिस्टम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि वे समय पर रिटर्न दाखिल करें और किसी भी परेशानी की स्थिति में विभाग से संपर्क करें।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने अनावश्यक शोषण और गलत कार्यवाहियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की बात कही। व्यापारियों का कहना था कि पारदर्शी व्यवस्था और संवाद से ही जीएसटी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।
