फतेहपुर(वीटी)। जिले के हथगांव कस्बे में लंबे समय से ‘सुप्रीम पाइप’ के नाम पर संचालित की जा रही फर्जी फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। मामले में पुलिस ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री संचालक राजेश केसरवानी अपनी पत्नी सुमन देवी के नाम से फर्म चलाकर नकली उत्पाद तैयार कर रहा था। दिल्ली स्थित असली सुप्रीम फैक्ट्री के संचालक कुलदीप को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने जांच कराई जिसमें हथगांव में अवैध रूप से फैक्ट्री चलने का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि यह फर्जी फैक्ट्री पिछले कई वर्षों से कस्बे में संचालित थी और ब्रांड के नाम पर उत्पाद तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जा रहे थे। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमन देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
