अरहर के खेत में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
फतेहपुर(वीटी)। किशनपुर थाना क्षेत्र के लोची का डेरा मजरे इटरौरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब पांच दिन से लापता छात्र का शव अरहर के खेत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि छात्र 24 फरवरी को शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। शनिवार को गांव के बाहर अरहर के खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे जहां शव की पहचान लापता छात्र अंकुश निषाद पुत्र हरिशंकर निषाद के रूप में की गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्र का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया है। उनका कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश की भी आशंका है। परिजनों और ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
