सॉल्वर गैंग पर शिकंजा पांच और मुन्नाभाई गिरफ्तार

फ्लाइंग स्क्वॉड की छापेमारी से मचा हड़कंप, प्रशासन सख्त

फतेहपुर(वीटी)। जनपद में बोर्ड परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षार्थियों का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रारंभिक चरण में हिंदी की परीक्षा के दौरान एक मुन्नाभाई पकड़े जाने के बाद अब प्रथम पाली में गणित की परीक्षा में पांच और फर्जी परीक्षार्थियों को दबोच लिया गया। ताबड़तोड़ कार्रवाई से परीक्षा केंद्रों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार फ्लाइंग स्क्वॉड को विशेष इनपुट मिला था कि कुछ केंद्रों पर संगठित सॉल्वर गैंग सक्रिय है। इसके आधार पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान पंडित दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज, दानियालपुर में पांच युवकों को दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी ओपी यादव इंटर कॉलेज, मेवाराम विद्या ज्ञान इंटर कॉलेज तथा आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सीतापुर के पंजीकृत छात्रों की जगह परीक्षा दे रहे थे। चौंकाने वाली बात यह रही कि उनके प्रवेश पत्रों पर परीक्षा दे रहे व्यक्ति का ही फोटो अंकित था जिससे सुनियोजित गिरोह की संलिप्तता की आशंका और गहरा गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अन्य छात्रों के स्थान पर परीक्षा देने आए थे। आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है तथा उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। प्रशासन ने संबंधित विद्यालयों की मान्यता प्रत्याहरण सहित कठोर कार्रवाई के संकेत दिए हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच जिला प्रशासन की सख्ती अब प्रभावी होती दिखाई दे रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। फ्लाइंग स्क्वॉड को लगातार सक्रिय रखा गया है और संदिग्ध केंद्रों पर विशेष निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित संस्थानों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

More From Author

अढ़ावल में खनन माफियाओं का आतंक किसानों की भूमिधरी जमीन पर जबरन रास्ता, फसलें रौंदी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *