यूपी-112 में शामिल हुईं सात अत्याधुनिक स्कॉर्पियो,आपातकालीन सेवा हुई और तटस्थ
फतेहपुर(वी.टी)। यूपी-112 आपातकालीन सेवा के लिए सात नई चार पहिया स्कॉर्पियो वाहनों को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि नए वाहनों की तैनाती मुख्यतः शहर और भीड़भाड़ वाले इलाकों में की जाएगी जहां त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। आधुनिक संसाधनों से लैस वाहन आपात कॉल पर तेजी से पहुंच सुनिश्चित करेंगे, जिससे रिस्पॉन्स टाइम में उल्लेखनीय कमी आएगी और पीड़ितों को शीघ्र सहायता मिल सकेगी। उन्होंने मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वाहनों का रखरखाव उच्च स्तर का रखा जाए और जनता से संवाद के दौरान संवेदनशीलता व जिम्मेदारी का परिचय दिया जाए। जनपद में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और आपात स्थितियों को देखते हुए यह पहल पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन गौरव शर्मा, प्रभारी यूपी-112 राम केवल पटेल समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
