फतेहपुर (वी.टी)। शिवाजी बस्ती स्थित तामेश्वर नगर के नंदी प्रांगण में शनिवार को विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ जिसके बाद विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक एवं गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सम्मेलन के मुख्य अतिथि बाबा श्री सत्यनारायण जी मौर्य तथा विशिष्ट अतिथि ब्रह्मकुमारी प्रमुख नीरू बहन रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी विज्ञानानंद जी महाराज ने की। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए इस आयोजन में बाबा जी की टीम द्वारा भजन-गायन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद अपराह्न लगभग 3 बजे बाबा श्री सत्यनारायण जी मौर्य का मुख्य उद्बोधन हुआ। अपने संबोधन में बाबा जी ने समाज को आत्ममंथन का संदेश देते हुए हिंदू समाज के भीतर व्याप्त आपसी भेदभाव को समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से सामाजिक समरसता, संस्कार और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। सम्मेलन में युवाओं की बड़ी भागीदारी रही और बाबा जी का विशेष फोकस भी युवावर्ग पर रहा। आयोजन में युवा, बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्गों सहित सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। अनुमानतः 8 से 10 हजार लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई जिनमें लगभग आधी संख्या युवाओं की रही। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय एवं भावविभोर वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में हिंदू सम्मेलन समिति के संरक्षक श्री राकेश श्रीवास्तव ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। एनसीसी कैडेट्स ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया। सेवा भारती द्वारा संचालित सेवा बस्ती की प्रियंका एवं रामा ने बाबा जी को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन गंगा समग्र के कुलदीप सिंह एवं अधिक सिंह ने किया जबकि इंजीनियर संजय श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर विभाग प्रचारक शिवशंकर, जिला प्रचारक अरुण, विभाग कार्यवाह ज्ञानेंद्र, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, ब्लॉक प्रमुख भिटौरा अमित त्रिवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता महिलाएं एवं हिंदू सम्मेलन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
- Home
- State
- Uttar Pradesh
- विराट हिंदू सम्मेलन, 10 हजार से अधिक लोगों की रही सहभागिता!
