परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच चिकित्सक व कर्मचारियों पर मांगी करवाई
फतेहपुर (वी.टी)। सदर कोतवाली के लोधीगंज स्थित न्यू अलकबीर हॉस्पिटल पर मृतक के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। मार्ग दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक और स्टाफ पर गलत इलाज और सच्चाई छिपाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम बर्रा बगहा निवासी रुद्धतारा मजरे सरकंडी के रहने वाले युवक बुद्धराज (25 वर्ष) का 6 जनवरी को सड़क हादसे में पैर टूट गया था। इलाज के लिए उसे 7 जनवरी को न्यू अलकबीर हॉस्पिटल लोधीगंज में भर्ती कराया गया जहां इलाज के बाद 13 जनवरी को छुट्टी दे दी गई थी। अस्पताल प्रशासन ने दोबारा जांच के लिए 19 जनवरी को बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि 19 जनवरी को युवक अस्पताल पहुंचा तो उसकी हालत सामान्य थी लेकिन कुछ देर बाद चिकित्सक ने अचानक हालत बिगड़ने की बात कही। इसके बाद युवक को ऑक्सीजन व इंजेक्शन देकर एम्बुलेंस से कानपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। परिजनों का कहना है कि युवक की मौत अस्पताल के अंदर ही हो चुकी थी लेकिन इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गई। मामले को लेकर परिजनों ने 19 जनवरी की रात कोतवाली में लिखित शिकायत दी लेकिन अब तक न तो चिकित्सक और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई । पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर आरोपितों के ऊपर कार्यवाही की मांग की है।
