फतेहपुर में 92 किलो गांजा बरामद, मध्य प्रदेश का तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

फतेहपुर जिले के थाना गाजीपुर क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस, एसओजी और इंटेलीजेंस विंग की संयुक्त टीम ने देर रात चेकिंग के दौरान 92.06 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेश महरा पुत्र लल्लू प्रसाद महरा (30 वर्ष) निवासी ग्राम खांडा, थाना अनूपपुर, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। मौके से एक इको वैन (संख्या MP65 ZC 8284) और 650 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।


इस मामले में थाना गाजीपुर में मु0अ0सं0 06/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, तस्करी में शामिल दूसरा अभियुक्त प्रकाश नापित उर्फ बड़कू निवासी रामपुर, थाना आमलई, जिला शहडोल (मध्य प्रदेश) मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

फतेहपुर में जीएसटी-2.0 को लेकर व्यापारी संवाद, समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *