घाटों पर नाव, गोताखोर और बिजली की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, सड़क के गड्ढे भरने को कहा
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने भिटौरा स्थित मूर्ति विसर्जन घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को घाटों पर सुरक्षा, प्रकाश, नाव और गोताखोरों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मूर्ति विसर्जन के लिए गड्ढों की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को घाट पर नाव, गोताखोर और रस्सी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित मूर्ति विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने और इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को विसर्जन स्थलों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग को रास्तों में बने गड्ढों को बालू या मलबे से भरवाकर समय से दुरुस्त कराने को कहा, ताकि मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। खंड विकास अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सभी जरूरी कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सीओ सिटी को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और व्यवस्थित तरीके से मूर्ति विसर्जन संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार सदर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
