कल्याणपुर मोड़-2 पर ओवरब्रिज समेत पांच सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। भारतीय किसान यूनियन बिंदकी तहसील इकाई की ओर से शनिवार को बड़ौरी टोल प्लाजा हाईवे पर शाम चार बजे धरना-प्रदर्शन एवं किसान पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्रीय किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।
पंचायत के बाद किसान प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी, फतेहपुर को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की गई। प्रमुख मांगों में कल्याणपुर मोड़-2 पर ओवरब्रिज का निर्माण कराए जाने की मांग शामिल रही।
किसानों ने हाल में हुई भारी बारिश से जिन गरीब ग्रामीणों के कच्चे मकान गिर गए हैं, उनका सर्वे कराकर उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वहीं अलौना व ललौली क्षेत्र के गांवों में खराब सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने, गांवों में हदबंदी एवं चकबंदी से संबंधित मुकदमों के निस्तारण के लिए समय-सीमा निर्धारित करने की भी मांग रखी गई।
इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिंदकी में हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की तत्काल नियुक्ति किए जाने की मांग की गई, ताकि क्षेत्रीय मरीजों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।
धरना-प्रदर्शन में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम, जिलाध्यक्ष नवल पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे। तहसील अध्यक्ष कप्तान सिंह यादव ने शासन-प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई किए जाने की अपील की। किसान नेताओं ने कहा कि यदि जनहित से जुड़ी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन किसानों के साथ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
