फतेहपुर ( वंदना टाईम्स)। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बुधवार को समाजवादी पार्टी की ओर से शादीपुर स्थित जिला कार्यालय में संकल्प सभा का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही ‘भाजपा भगाओ, देश बचाओ’ का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा, बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और महाराष्ट्र में मतदाताओं के वोट काटकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में चुनाव आयोग के बचाव में खड़ी दिखाई देती है। सपा नेताओं ने बताया कि पार्टी की ओर से दो से आठ अक्तूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ यात्रा के तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जिला मुख्यालय पर धरना-मार्च भी किया जाएगा। पूर्व जिलाध्यक्ष दयालू गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी के विचारों को भुलाया जा रहा है। कहा कि यदि सरकार गांधी जी के विचारों पर चलती तो गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों के वोट नहीं काटे जाते, युवाओं को रोजगार मिलता और किसानों की समस्याओं का समाधान होता। उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति, बढ़ते विदेशी कर्ज और उत्तर प्रदेश में स्कूल बंद किए जाने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। कहा कि यह संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ है। इस दौरान सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल, जिला महासचिव मंजरयार समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता में सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है और 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।
