श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस के नाम पर ठगी का आरोप, चौकी में हंगामा

गिफ्ट कूपन और आकर्षक स्कीम का झांसा देकर 25 से 35 हजार रुपये जमा कराने का आरोप, पीड़ितों ने दी तहरीर


फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर स्थित श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस के नाम से संचालित कार्यालय में लोगों को कथित तौर पर आकर्षक स्कीम का लालच देकर रुपये जमा कराने का मामला सामने आया है। शनिवार को कई पीड़ितों ने मामले को लेकर आबूनगर चौकी पहुंचकर हंगामा किया और जमा धनराशि वापस कराने की मांग की। पीड़ितों ने पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अभिषेक शर्मा, अनुराग तिवारी और शमशेर अली निवासी लाला बाजार सय्यद वाडा फतेहपुर समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप और बस स्टाप के आसपास शादीशुदा जोड़ों को गिफ्ट कूपन देने के नाम पर रोका जाता है। इसके बाद नाम-पता दर्ज करने के साथ ही उन्हें आबूनगर स्थित कार्यालय में इंटरव्यू और सम्मान के बहाने बुलाया जाता है। आरोप है कि कार्यालय में गुड़िया सोनी नाम की महिला मैनेजर समेत पांच-छह युवतियों का समूह लोगों को अलग-अलग स्कीम की जानकारी देता है।
पीड़ितों के मुताबिक उन्हें बताया गया कि दो लाख रुपये जमा करने पर सालाना 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा बच्चों की ग्रेजुएशन तक निशुल्क पढ़ाई, विदेश में पढ़ाई और टूर कराने जैसी सुविधाओं का भी लालच दिया गया। पूछताछ करने पर कथित तौर पर कंपनी के दुबई तक में स्कूल-कॉलेज होने की बात कही गई। पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने लखनऊ और दिल्ली में संबंधित कॉलेजों की जानकारी तलाशने का प्रयास किया तो उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली।
आरोप है कि इसके बाद लोगों पर तत्काल 30 हजार रुपये जमा करने का दबाव बनाया गया और कहा गया कि यह ऑफर केवल उसी दिन के लिए है। उन्हें यह भी बताया गया कि एक हजार लोगों में से सिर्फ 25 लोगों का चयन किया गया है। पीड़ितों के अनुसार कई लोगों से कैश तो कई लोगों से स्कैनर के माध्यम से 25 से 35 हजार रुपये तक की धनराशि जमा कराई गई। वहीं, दी गई रसीद पर धनराशि को रिफंडेबल नहीं होने की बात लिखी होने का भी आरोप लगाया गया है। मामला चौकी पहुंचने पर पुलिस ने महिला मैनेजर गुड़िया देवी को बुलाया। पीड़ितों ने पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

More From Author

न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये करने और पोषण ट्रैकर से जीपीएस हटाने की मांग

कस्तूरबा विद्यालय की बेटियों ने प्रदेश स्तरीय बास्केटबॉल में जीता कांस्य पदक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *