जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास उपलब्धियों की प्रदर्शनी में दिखी झलक, जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में जिला सूचना विभाग की ओर से विकास चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग कृष्णा पासवान ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, विकास कार्यों और उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विभिन्न चित्रों एवं योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीब 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवाकाल में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। प्रदर्शनी में विकास की उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में नागरिकों और लाभार्थियों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की प्रदर्शनियों के माध्यम से शासन की योजनाओं और विकास कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करने में मदद मिलती है। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, एलडीएम, विभिन्न विभागों के अधिकारी, लाभार्थी एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
