सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया लाभार्थियों का उत्साहवर्ध
न
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। इसके बाद मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को डेमो चेक तथा परंपरागत कारीगरों को टूल किट वितरित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग कृष्णा पासवान, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया।
राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कारीगरों और कामगारों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए टूल किट एवं आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे अपने हुनर को रोजगार और स्वरोजगार का माध्यम बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें।
उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास होने पर ही देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा होगा। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के विजन की दिशा में सभी को मिलकर आगे बढ़ना है। उन्होंने आमजन से प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील भी की।
विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने भी भगवान विश्वकर्मा की जयंती तथा प्रधानमंत्री के जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री की दीर्घकालीन सेवा एवं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हो रहे विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।
इस दौरान राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को डेमो चेक वितरित किए। साथ ही परंपरागत कारीगरों को टूल किट प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, एलडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
