फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 18 सितंबर को संदिपनी पब्लिक स्कूल, अदमापुर कोरसम, बिंदकी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के अनुरूप समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बिंदकी को कार्यक्रम स्थल पर तैनात किए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर स्पष्ट दायित्व सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति से भेंट करने वाले व्यक्तियों एवं अतिथियों की सूची पहले से प्राप्त कर आवश्यक सत्यापन कराने तथा प्रोटोकॉल के अनुसार प्रवेश और निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग, निर्धारित रूट और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी को अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता, आपातकालीन निकासी मार्ग और अग्निशमन वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ सहित मेडिकल टीम, आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया।
कार्यक्रम स्थल पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को जांच के निर्देश दिए गए।आवश्यकतानुसार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया।
खंड विकास अधिकारी मलवां को कार्यक्रम स्थल, निर्धारित रूट एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके तहत साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, झाड़ियों की कटाई और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने निर्धारित रूट का भी स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, गड्ढों की मरम्मत, साइनेज, बैरिकेडिंग एवं साफ-सफाई से संबंधित कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को कार्यक्रम स्थल और रूट पर विद्युत लाइनों, पोल, केबल, अस्थायी कनेक्शन, जनरेटर एवं अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया। निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन कर कमियों का तत्काल निराकरण कराने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी बिंदकी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी कराने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी बिंदकी, क्षेत्राधिकारी पुलिस बिंदकी, नायब तहसीलदार मलवां, खंड विकास अधिकारी मलवां, विद्युत विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
