डीएम-एसपी ने दिखाई हरी झंडी, स्वच्छता रैली से दिया जागरूकता का संदेश


सफाई मित्रों के साथ कदमताल करते दिखे अधिकारी, शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक


फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बुधवार को जनपद में स्वच्छता पखवाड़े का भव्य शुभारंभ हुआ। नगर पालिका परिषद फतेहपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कलेक्ट्रेट परिसर से स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली रवाना होने से पूर्व जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों व पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। अपने आसपास साफ-सफाई रखकर पर्यावरण को संरक्षित करने के साथ ही स्वस्थ और स्वच्छ फतेहपुर का निर्माण किया जा सकता है। कलेक्ट्रेट परिसर से निकली जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इसमें नगर पालिका के सफाई मित्रों, समाजसेवियों, पुलिस जवानों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर सहभागिता की। इस दौरान “हमने यह ठाना है, फतेहपुर को स्वच्छ बनाना है” और “स्वच्छ फतेहपुर, सुंदर फतेहपुर” जैसे नारों से शहर गूंज उठा। रैली में अधिकारी भी सफाई मित्रों के साथ कदमताल करते नजर आए। रैली के माध्यम से लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने तथा पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया गया। लोगों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत जनपदभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देना है

More From Author

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने दिए निर्देश

पूर्व राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट डीएम-एसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *