बेटी की संदिग्ध मौत पर पिता ने एसपी से लगाई गुहार

ससुराल वालों पर प्रताड़ना के बाद फांसी लगाकर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जाफरगंज थाना क्षेत्र के गढ़ीजार गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कानपुर निवासी पिता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पिता ने बेटी के पति, ससुर और सास पर प्रताड़ना व मारपीट करने तथा फांसी लगाकर हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है।
कानपुर नगर के राजीव विहार नौबस्ता निवासी पीर अली ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री रुखसाना का निकाह मुस्लिम रीति-रिवाज से गढ़ीजार गांव निवासी जाबिर शाह पुत्र गुलाब शाह के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही रुखसाना को उसका पति जाबिर, ससुर गुलाब शाह और सास लगातार प्रताड़ित करते थे। पुत्री ने फोन के माध्यम से पिता को ससुराल में हो रही परेशानी की जानकारी दी थी।
पीर अली के मुताबिक उन्होंने बेटी को समझाते हुए जल्द ससुराल पहुंचकर परिजनों से बात करने का भरोसा दिया था। साथ ही फोन पर बेटी के ससुराल वालों को भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से उसकी पुत्री के साथ मारपीट और प्रताड़ना जारी रही।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि 14 अगस्त को ससुराल वालों ने रुखसाना को फांसी लगाकर मार डाला और घटना को आत्महत्या का रूप दे दिया। पिता का कहना है कि घटना की सूचना उन्होंने 19 अगस्त को थाने में दी थी, लेकिन अभी तक मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से थानाध्यक्ष जाफरगंज को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश देने और मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

More From Author

ब्लॉक चुनाव के बाद ही जिला चुनाव कराने का फैसला, पांच संयोजक नामित

भव्य लाइटिंग के बीच 80 फीट के रावण का होगा दहन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *